सिरसा। नागरिक अस्पताल में बच्चों के लिए बनाया गया निक्कू वार्ड को 15 बेड से बढ़ाकर 20 बेड का किया जाएगा। इससे वार्ड में अधिक बच्चों को दाखिल कर उनका उपचार किया जा सकेगा। बेड की संख्या बढ़ाने के लिए विभाग की ओर से मुख्यालय को मांग भेजी गई है।
नागरिक अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्वास्थ्य विभाग ने करीब चार माह पहले निक्कू वार्ड शुरू किया है। बच्चों का इलाज करने के यहां पर 15 बेड लगाए गए हैं, लेकिन अब मौसम में हो रहे लगातार बदलाव के कारण बच्चे काफी प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों के गले में दर्द होने, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायतें अधिक आ रही हैं। हर रोज चार से पांच बच्चों को अस्पताल में दाखिल करने की आवश्यकता पड़ रही है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण अब विभाग की ओर से निक्कू वार्ड के बेड की संख्या बढ़ाने के लिए डिमांड मुख्यालय भेजी गई है। वार्ड में अतिरिक्त पांच बेड लगाने के लिए जगह भी पर्याप्त है।
कंगारू वार्ड में पांच और नर्सरी में पहले ही लगे हैं 10 बेड
समय से पहले और कम वजन वाले बच्चों का जन्म होने के बाद इनका इलाज भी नागरिक अस्पताल में किया जाता है। नागरिक अस्पताल स्थित नर्सरी में 10 बेड लगाए गए हैं। अस्पताल में ही कंगारू वार्ड बनाया गया है। यहां पर बच्चे और मां को बंद कमरे में रखकर उनका उपचार किया जाता है। विभाग की ओर से पहले प्रसूता वार्ड में ही कंगारू वार्ड बनाया गया था, लेकिन अब कंगारू वार्ड का गेट अस्पताल की नर्सरी की तरफ खाली क्षेत्र में खोला गया है। यहां पर लोगों का आना जाना भी कम रहता है।
मौसम में बदलाव होने के कारण बच्चों का रखें विशेष ध्यान
डॉ. भारत भूषण ने बताया कि सुबह, शाम व रात के समय अभी ठंड है। इसके चलते बच्चों का ध्यान रखना आवश्यक है। सुबह व शाम के समय बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर रखें। उन्होंने कहा कि लोग अभी ही आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक व ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर रहे है, जिसके कारण गला दर्द, खांसी, जुकाम और बुखार से हो रहे हैं।
अस्पताल के निक्कू वार्ड में मरीजों को दाखिल करने के बेड की संख्या बढ़ाने के लिए मुख्यालय को डिमांड भेजी गई है। निक्कू वार्ड में अभी 15 बेड हैं। बेड की संख्या 20 होने के बाद यहां पर अतिरिक्त बच्चों को दाखिल कर उनका उपचार किया जा सकेगा। - भारत भूषण, बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल सिरसा ।