आर्य नगर में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम को धक्के मारकर गाली-गलौज करते हुए बाहर निकाल दिया। बिजली निगम की टीम ने मौके पर पुलिस को बुलाया। बिजली निगम ने आरोपी के खिलाफ गाली-गलौज कर मारपीट की कोशिश की एफआईआर दर्ज कराई है।
टीम मंगलवार सुबह करीब छह बजे आर्य नगर में चोरी पकड़ने गई थी। इसमें जूनियर इंजीनियर अनिल कुमार, एएलएम राजेश लांबा, कृष्ण कुमार, राजकुमार भिवानी रोहिल्ला, रमेश कुमार शामिल थे। आर्य नगर में टीम ने एक कुंडी कनेक्शन की विडियो तैयार कर ली। चोरी का केस तैयार करने के लिए निगम की टीम घर के अंदर लोड जांचने पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने टीम को गाली-गलौज करते हुए बाहर निकाल दिया। निगम की टीम ने बाहर निकलकर पुलिस को फोन किया। करीब 20 मिनट बाद पुलिस की मौजूदगी में बिजली कर्मचारी अंदर पहुंचे। अंदर लोड जांचने के बाद आरोपी पर एक लाख 91 हजार का जुर्माना लगा दिया। निगम की आर्यनगर निवासी हनुमान, सुशील, शकुंतला के खिलाफ गाली-गलौज करने, मारपीट का प्रयास करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने की शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराई है। बिजली निगम की टीम ने मंगलवार को ही आर्य नगर में दो, बालसमंद में दो, टोकस- पातन में एक बिजली चोरी का केस बनाया। पिछले सप्ताह आर्यनगर में ही बिजली निगम टीम के साथ मारपीट की गई थी।