सिवानी मंडी। शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन और सुपरविजन सुनिश्चित करने के लिए बैठक उपमंडल कार्यालय में हुई। निपुण हरियाणा मिशन के तहत आयोजित बैठक का मुख्य उद्देश्य हरियाणा सरकार द्वारा स्कूलों में शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण विद्यार्थी केंद्रित बनाकर चलाई जा रही विभिन्न स्कीमों के उचित मूल्यांकन करना था।
बैठक में जिला परियोजना कॉर्डिनेटर कार्यालय के ललित कुमार ने बताया कि जिम्मेदार अधिकारियों को रूट लेवल पर उड़ान, निपुण वलवाड़ी, दीक्षा एप नामांकन, बच्चों द्वारा रामलीला, रफ्तार, परख आदि विभिन्न योजनाओं की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट ऑनलाइन करनी होगी। एसडीएम वीरेंद्र सिंह ने विभाग की स्कीमों के समुचित क्रियान्वयन और खंड कार्यालय द्वारा मॉनिटरिंग पर संतोष जाहिर करते हुए विभिन्न स्कूलों में पाई गई कुछ कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और कमरों में बारीक जाली लगवाने बाबत एस्टीमेट तैयार करने को कहा, ताकि सांप काटने जैसी घटना की पुनरावृति किसी अन्य स्कूल में फिर न हो।
इसके अलावा मिड-डे-मील की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए, ताकि बच्चों की सेहत से खिलवाड़ न हो पाए। इस मौके पर शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य राजबीर सांगवान, अनिता मालिक, सूबे सिंह, अनिल कुमार, पुष्कर दत्त, राजबीर बेनीवाल, बीआरपी सुषमा एबीआरसी पंकज कुमार, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।