हिसार पुलिस की ओर से स्कूल बसों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई जाएगी, उनके संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर हिसार पुलिस ने स्कूल बसों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। एसपी सिद्धान्त जैन के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम ने उकलाना क्षेत्र में स्कूल बसों की जांच की। इस दौरान 18 स्कूल बसों को चेक किया गया। इनमें से नौ बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों की पालना नहीं मिली। नियमों की अनदेखी करने पर यातायात पुलिस ने नौ स्कूल बसों के चालान किए।
विज्ञापन
यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान बसों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों को परखा गया। जांच में कुछ बसों में कैमरे समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित बसों के चालान किए।
विज्ञापन
स्कूल बसों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसपी सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि बसों में सरकार की ओर से निर्धारित सभी सुरक्षा उपकरण और मानक अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं। केवल कागजों में व्यवस्थाएं पूरी दिखाने के बजाय धरातल पर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
लगातार जारी रहेगा जांच अभियान
हिसार पुलिस की ओर से स्कूल बसों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई जाएगी, उनके संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च जिम्मेदारी मानते हुए बसों में सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें।