हांसी गांव रामायण में धंसा हुआ लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली।
हांसी। गांव रामायण के बस स्टैंड के पास पानी की पाइप बिछाने के बाद ठेकेदार पर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार ने सड़क की मरम्मत सही तरीके से नहीं की। इसकी वजह से बुधवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क में धंस गई। वीरवार को ट्रॉली को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी।
ग्रामीणों ने वीरवार सुबह सड़क की खराब स्थिति पर रोष जताया। रामायण निवासी विक्रम मलिक ने बताया कि जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के ठेकेदार ने पेयजल कनेक्शन के लिए बस स्टैंड के पास सड़क खोदी थी, लेकिन मरम्मत काम निम्न स्तर की सामग्री और तरीके से किया गया। वीरवार को पूरे दिन वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। ग्रामीणों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद वीरवार शाम को ठेकेदार ने सड़क की मरम्मत बेहतर तरीके से कर दी, जिससे ग्रामीण संतुष्ट दिखे।