हिसार। नवदीप सांगवान को हिसार महानगर विकास प्राधिकरण (एचएमडीए) में एक्सईएन के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह हांसी में सिंचाई विभाग में एक्सईएन पद पर कार्यरत थे। उन्हें एक साल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश सरकार ने फरवरी 2024 में हिसार महानगर विकास प्राधिकरण का गठन किया था। इसके बाद सेवानिवृत्त आईएएस अशोक कुमार गर्ग को प्रदेश सरकार ने जून 2025 में एचएमडीए के पहले सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी थी। वे इस पद 30 नवंबर तक रहे। उनके कार्यकाल में न तो एचएमडीए को किसी तरह का बजट उपलब्ध करवाया गया और न ही स्टाफ। यही नहीं आज तक एचएमडीए का कार्यालय तक नहीं है। यही नहीं अशोक कुमार गर्ग के नियुक्त होने के बाद से सीईओ का पद भी खाली पड़ा है।
एचएमडीए का नक्शा भी नहीं हुआ फाइनल
दो साल में एचएमडीए का नक्शा भी फाइनल नहीं हो सका है। हालांकि पिछले दिनों जिला नगर योजनाकार की तरफ से इसका नक्शा फाइनल करके प्रदेश सरकार को भिजवाया गया है, लेकिन अभी तक इस नक्शे को प्रदेश सरकार की तरफ से हरी झंडी नहीं मिली है। इस नक्शे में हिसार व हांसी तहसील के करीब 50 गांवों को शामिल किया गया है। चूंकि हांसी अब नया जिला बन चुका है तो ऐसे में यह भी संशय है कि नक्शे में हांसी जिले के एरिया को भी शामिल किया जाएगा या नहीं।