हिसार। नौतपा का वीरवार को पहला दिन था, मगर बारिश व ओलावृष्टि ने इसकी तपिश को ठंडा कर दिया। जिले में 3 दिनों से हो रही हल्की बारिश से दिन व रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। वीरवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6 व न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो इस बार नौपता नहीं तपेगा।
जिले में वीरवार सुबह से हल्के बादल छाए रहे। दो दिन से रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश व आंशिक बादलवाही के कारण धूप की तपिश कम रही। हालांकि दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ और आसमान में काले बादल घिर आए। इसके साथ ही तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इस दौरान जिले के गांव कंवारी, रावलवास, धमाना में जबरदस्त ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ ही मिनटों पर जमीन पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई। आधे घंटे बाद बारिश थम गई, मगर रात को फिर से बूंदाबांदी शुरू हो गई और देर रात तक रुक-रुक बूंदाबांदी होती रही। बारिश व ओलावृष्टि से मौसम इतना ठंडा हो गया कि लोगों को कूलर व एसी बंद करने पड़े। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को हिसार में अधिकतम तापमान 35.6 व बालसमंद में 34.6 और न्यूनतम तापमान हिसार में 21.2 व बालसमंद में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
53 वर्षों में 25 मई को 7वीं बार 36 डिग्री से कम रहा पारा
एचएयू के कृषि मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों की मानें तो 53 वर्षों में 7वीं बार ऐसा हुआ है, जब 25 मई को दिन का तापमान 36 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 1999 में 33.0, वर्ष 2003 में 34.4, वर्ष 2008 में 35.8, वर्ष 2016 में 34.6, वर्ष 2019 में 34.6 और वर्ष 2022 में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
एक मार्च से 25 मई तक जिले में 30.1 एमएम बारिश
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जिले में 1 मार्च से 25 मई के दौरान 30.1 एमएम बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 36.2 एमएम है। इस हिसाब से इस अवधि में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं 19 से 25 मई के दौरान 3.8 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 22 प्रतिशत कम है।
रावलवास कलां गांव में गिरे ओले।