सिवानी मंडी। मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को किसान भवन में संयुक्त ट्रेड यूनियनों द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गांव बड़वा के पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य कुलदीप सिंह ने की। इस मौके पर एटक, इंटक, आईसीटीयू और सीटू सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश में एक बार फिर 1886 जैसे हालात बनते जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकारें नए लेबर कोड के जरिए मजदूरों के काम के घंटे बढ़ा रही हैं, लेकिन न्यूनतम वेतन की कोई गारंटी नहीं है। इस मौके पर ट्रेड यूनियनों ने 20 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का एलान किया और मजदूर इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य भी मौजूद रहे। आजाद, मीरान, साधु रुपाणा, सूबे सिंह, कुलदीप सिंह ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर जनसभाएं करेंगे और महंगाई, बेरोजगारी, लेबर कोड और न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर जनजागरण अभियान चलाएंगे।