हिसार। अब रोडवेज की ओर से फिर से 60 से 65 साल तक के बुजुर्गों के एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) बनाए जाएंगे। इसके लिए मुख्यालय से आदेश जारी हो चुके हैं। अब तक रोडवेज की ओर से करीब 9 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं। मगर ई-टिकटिंग मशीन में एनसीएमसी कार्ड सपोर्ट नहीं करने के कारण पिछले काफी समय से कार्ड नहीं बन रहे थे। इस केस में रोडवेज की ओर से सामान्य पास बनाकर दिए गए। अब दोबारा से मुख्यालय से एनसीएमसी कार्ड बनाने के आदेश आए है।
रोडवेज की ओर से इसी सप्ताह कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। एनसीएमसी कार्ड से बुजुर्ग यात्रियों को किराये में 50 प्रतिशत छूट मिलती है। कार्ड लेकर यात्रा करने पर उक्त यात्री को वोटर कार्ड, आधार कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो कार्ड बनाने के लिए रोडवेज के पोर्टल पर उक्त यात्री को आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, मोबाइल नंबर सहित अन्य विवरण भरना होगा। उसके बाद उक्त मोबाइल पर ओटीपी आएगी। फिर ओटीपी डालकर बुजुर्ग यात्री एनसीएमसी कार्ड बनवा सकते हैं।
अभी तक सामान्य पास बनाए जा रहे थे। मगर अब एनसीएमसी कार्ड बनाने के फिर से आदेश आ चुके है। ऐसे में 60 से 65 साल के बुजुर्ग कार्ड बनवा सकते हैं। - अजय ठकराल, क्लर्क, रोडवेज