सिवानी। पुलिस ने नरेश हत्याकांड के मुख्य आरोपी नलोई निवासी मनोज उर्फ गोलिया को अस्पताल में उपचार के बाद जेल भेज दिया है। गत 17 मई को सीआईए स्टाफ-2 ने आरोपी को मुठभेड़ में रिवासा-बजीणा रोड से पकड़ा था।
सीआईए स्टाफ-2 की टीम को सूचना मिली थी कि राजस्थान निवासी नरेश की हत्या का मुख्य आरोपी मनोज रिवासा-बजीना रोड की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ की टीम ने नाकाबंदी करके आरोपी मनोज को पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी मनोज व सीआईए टीम के बीच सात राउंड फायर हुए। इसमें मनोज को एक गोली टांग पर लगी। पुलिस ने आरोपी मनोज को नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। जबकि इस मामले में तोशाम पुलिस थाना में मनोज के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा से संबंधित धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया। शुक्रवार को तोशाम थाना में तैनात एसआई सतपाल सिंह ने आरोपी को नागरिक अस्पताल से गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को जिला कारागार में भेजने के आदेश दिए है। आरोपी मनोज पर विभिन्न थानों में हत्या व हत्या का प्रयास की धाराओं सहित 12 केस दर्ज हैं। संवाद