नगर निगम द्वारा शहर के विकास को लेकर लगाए गए सवा सात करोड़ रुपये के टेंडर में से 11 वार्डों के काम ओपन हो गए हैं। इन कार्यों में सबसे अधिक 26.41 प्रतिशत माइनस में टेंडर ओपन हुआ है। हालांकि निगम के ही अंडर आने वाले इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के टेंडर करीब डेढ़ महीने पहले 29.29 प्रतिशत माइनस में खुले थे, जिसकी अभी तक टेक्निकल अप्रूवल भी नहीं मिल पाई है। ठेकेदारों द्वारा लगातार माइनस में टेंडर भरे जाने के मामले को लेकर सवालिया निशान उठने लगे हैं। आखिर इतने अधिक माइनस में टेंडर लेने के बावजूद क्या ठेेकेदार अच्छी क्वालिटी का काम कर पाएगा। कहीं ना कहीं आमजन अधिकारियों को भी शक की नजर से देख रहे हैं। हालांकि टेंडर खुलने के साथ ही शहर में विकास कार्यों की उम्मीद जग गई है।
वार्ड वाइज ये टेंडर खुले
वार्ड नंबर कॉस्ट माइनस रेट ( दोनों रेट लाख में)
1 33.08 19.9
2 29.69 18.25
3 29.83 21.21
4 30.44 22.51
5 34.66 22.45
6 32.74 22.51
7 31.74 21.25
8 32.90 21.5
9 38.30 26.41
10 33.25 18.11
11 32.70 18.0
बाकी टेंडर खुलेंगे आज
इसके अलावा बाकी टेंडर यानी 9 वार्डों के टेंडर सोमवार को खोले जाएंगे। ठेकेदारों में चर्चा है कि ये टेंडर भी इतने ही प्रतिशत माइनस में जा सकते हैं। अधिक माइनस में टेंडर लेने वाले दो ठेकेदार ही लगातार टेंडर अपने नाम छुड़वा रहे हैं।
दो कामों के आए सिंगल टेंडर
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि दो काम ऐसे भी आए हैं जिनके अगेंस्ट सिंगल टेंडर भरा गया है। अब इस मामले को निगम आयुक्त निखिल गजराज के संज्ञान में लाया जाएगा। आयुक्त चाहे तो टेंडर जारी भी किया जा सकता है और रिकॉल भी किया जा सकता है।
अभी तक 11 कामों के ही टेंडर खुल पाए हैं बाकी कार्यों के टेंडर सोमवार का खोले जाएंगे।
- रामजीलाल, एक्सईएन नगर निगम