निगम अधिकारियों की डीसी के साथ होने वाली रिव्यू मीटिंग मंगलवार नहीं हो पाई। नगर निगम के एक्सईएन रामजीलाल टीम सहित मीटिंग में देरी से पहुंचे। इस पर डीसी नाराज हो गए। डीसी निखिल गजराज ने अधिकारियों को मौके से भगा दिया। उन्होंने कहा कि आपको 4 बजे का समय दिया गया था अब मेरे पास टाइम नहीं है। चार बजे आप मीटिंग के लिए नहीं पहुंचे अब बुधवार को मीटिंग करेंगे। आप लोग सुबह 10 बजे आ जाना।
निगम अधिकारी बोले सॉरी सर दस बजे भी नहीं आ सकेंगे
निगम अधिकारियों को डीसी निखिल गजराज ने बुधवार को सुबह 10 बजे का मीटिंग का समय दिया। इस पर अधिकारियों ने कहा सॉरी सर दस बजे मेयर मैडम को मॉनीटिरिंग का समय दिया गया है। सुबह कैसे आएंगे। इस पर डीसी ने कहा कि सुबह 9 बजे मीटिंग कर लो फिर। इस पर निगम स्टाफ ने हां कर दी। डीसी ने कहा कि 9 बजे का समय है समय पर पहुंच जाना। इस पर अधिकारी बोले सर बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे आपके पास पहुंच जाएंगे।
प्रोग्रेस रिपोर्ट को लेकर चर्चा
नगर निगम के अधिकारियों में प्रोग्रेस रिपोर्ट को लेकर चर्चा है। जिन ब्रांचों को जो टारगेट दिया गया था अधिकारी इसे पूरा नहीं कर पाए। डीसी मीटिंग में कहीं प्रोग्रेस रिपोर्ट व टारगेट पर बात न कर ले इसको लेकर अधिकारियों में पूरी तरह खौफ है।
पहुंच गए थे कार्यालय में
एक्सईएन रामजीलाल, सीनियर अकाउंट ऑफिसर उग्रसेन परमार, एमई प्रवीन कुमार, एसओ, अधीक्षक कैलाश चंद्र, कमिश्नर पीए समय पाल सहित कई ब्रांच इंचार्ज मीटिंग के लिए करीब चार बजकर 15 मिनट पर डीसी कार्यालय पहुंच गए। लेट पहुंचने पर डीसी ने अधिकारियों की खिंचाई की और व्यस्तता के कारण बैठक स्थगित कर दी। इसके अलावा उन्होंने स्टाफ के कम होने के बारे में भी पूछा। अधिकारियों ने कहा साहब कुछ लोग छुट्टी पर है कल सुबह मीटिंग में पहुंच जाएंगे।