हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में वीरवार को छात्र कल्याण निदेशालय एवं स्पीक मैकी के संयुक्त तत्वावधान में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कुलपति ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में कला और संस्कृति के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। संगीत हमारी सभ्यता, भाषा और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखता है। संगीत धर्म, भाषा और जाति की सीमाओं से परे सभी को जोड़ता है तथा समाज में सौहार्द और एकता का संदेश देता है। यह मानव जीवन की भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में प्रख्यात शास्त्रीय गायन युगल पंडित रितेश मिश्रा और पंडित रजनीश मिश्रा ने अपनी मधुर व रागमय प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर प्रदीप कुमार सरकार और हारमोनियम पर जाकिर ढोलपुरी ने उत्कृष्ट संगत की। कार्यक्रम में स्पीक मैकी के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और संगीत प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत छात्र कल्याण निदेशक एवं कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.के. पाहुजा ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. देवेंद्र ने दिया। मंच संचालन छात्रा निकिता ने किया। इस अवसर पर कैंपस स्कूल की निदेशिका संतोष कुमारी, प्राचार्य सोमा सेखरा सरमा धुलिपाला, डॉ. संध्या शर्मा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकगण और विद्यार्थी मौजूद रहे।