हांसी। मूर्ति प्रकरण मामले में गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश निवासी बबलू को सोमवार अदालत से जमानत मिल गई है। पुलिस ने आरोपी को 18 मार्च को गिरफ्तार किया था। पुलिस बबलू के अलावा बाबा रामदास के बेटे बिमलेश को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच फिलहाल एसआईटी कर रही है।
बता दें कि मूर्ति प्रकरण में एसआईटी ने फर्रुखाबाद के नगलामान निवासी बिमलेश और यूपी के शाहजहांपुर जिला निवासी बबलू को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों को तीन दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस दोनों को लेकर बाबा की तलाश में उत्तर प्रदेश गई थी लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया था। जिस मूर्ति को लेकर यह पूरा बवाल चल रहा है कि वह बाबा रामदास को मिली थी। खोदाई में मूर्ति मिलने की बात को पुलिस सही नहीं मान रही। माना जा रहा है कि मूर्ति किसी मंदिर से चोरी की गई होगी। मूर्ति प्रकरण का मामला उजागर होने के बाद एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने एसआईटी का गठन किया था। आरोपी बबलू के वकील रोहित शर्मा ने बताया कि बबलू की जमानत याचिका लगाई थी जिसको मंजूर करते हुए जमानत मिल गई है। सोमवार को सुनवाई करते हुए अदालत ने उसे जमानत दे दी।