हिसार। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को सेक्टर-14 से 20 ट्रॉली कचरे का उठान किया गया तो वहीं सेक्टर 16-17 में पेड़ों की छंटाई की गई। निगमायुक्त नीरज ने कहा कि यह 11 सप्ताह तक चलने वाला विशेष अभियान है जिसका उद्देश्य हर गली, मोहल्ले, बाजार और घर को स्वच्छ बनाकर ‘स्वच्छ हरियाणा’ की पहचान को साकार करना है।
रविवार को सेक्टर-14 गेट के पास स्थित एक निजी अस्पताल के पीछे से करीब 20 ट्रॉली ठोस कचरा उठाकर गांव सातरोड स्थित सीएंडडी साइट पर भेजा गया। एक्सईएन अमित कौशिक ने एमई सुनील लाम्बा और जेई कुलदीप के साथ एमआरएफ सेंटर का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा इस दौरान दिल्ली रोड पर डाबड़ा चौक से जिंदल चौक, तोशाम रोड पर डाबड़ा चौक से लेकर आईटीआई चौक तक और कैंप चौक से लेकर कैमरी रोड नहर पुल तक सड़कों की सफाई करवाई गई। इन सभी स्थानों से मिट्टी और ठोस कचरे को हटाया गया।
बागवानी शाखा ने सेक्टरों में पेड़ों की छंटाई जेई सुमित नुनाच ने बताया कि शाखा के लगभग 20 कर्मचारी अभियान में सक्रिय हैं। इस दौरान सेक्टर-16-17 की ग्रीन बेल्ट में सफाई व पेड़ों की छंटाई की गई। सेक्टर 9-11, सेक्टर-14 और सेक्टर-33 में सड़कों के किनारे अनावश्यक घास हटाई गई और पेड़ों की छंटाई की गई। उन्होंने बताया कि कार्यों के लिए ट्रिमिंग मशीन, दो ब्रश कटर और जेसीबी का उपयोग किया जा रहा है। सोमवार को दिल्ली रोड, राजगढ़, कैमरी रोड और तोशाम रोड से अनावश्यक घास हटाने व आवश्यकता अनुसार पेड़ों की छंटाई का कार्य किया जाएगा।