स्वच्छता के नियमों के उल्लंघन पर चालान करती नगर निगम की टीम।
हिसार। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान नगर निगम की टीम ने 11 लोगों के चालान किए और उन्हें स्वच्छता नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।
नगर निगमायुक्त नीरज के निर्देश पर निगम के अधिकारी और कर्मचारी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में एएसआई राहुल सैनी, एएसआई रोहित और एएसआई राहुल पंवार ने न्यू विनोद नगर स्थित जिंदल पार्क और सब्जी मंडी क्षेत्र में खुले में कचरा डालने पर तीन दुकानदारों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान किए।
वहीं एएसआई सरोज ने कचरे की छंटनी नहीं करने पर ओल्ड कोर्ट कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में चार दुकानदारों के चालान काटे। इसके अलावा एएसआई कपिल और एएसआई प्रवीण ने सेक्टर 16-17 में एक व्यक्ति का कचरे की छंटनी न करने पर और सेक्टर 13 में सीएंडडी वेस्ट डालने के मामले में एक व्यक्ति का चालान किया।
एएसआई सन्नी ने जिंदल चौक और डाबड़ा चौक पर खुले में कचरा डालने पर दो दुकानदारों के 500-500 रुपये के चालान किए। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को शहर को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक भी किया। अधिकारियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की।