हिसार। शहरी विकास का खाका खीचते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नगर निगम ने 239 करोड़ रुपये का बजट तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा है। हालांकि इस राशि में और बढ़ोतरी होगी, क्योंकि इसमें राज्य वित्त आयोग (एसएफसी) व केंद्रीय वित्त आयोग (सीएफसी) से मिलने वाला अनुदान शामिल नहीं है। इस अनुदान का इस्तेमाल भी विकास कार्यों में ही किया जाता है। मुख्यालय की तरफ से भी इसमें बदलाव किया जा सकता है। वित्त वर्ष 2024-25 में का बजट 306 करोड़ रुपये था।
नए वित्त वर्ष के लिए बजट तैयार करने से पहले निगम की लेखा शाखा ने सभी शाखाओं से विभिन्न मदों से होने वाली आय व खर्च का ब्योरा मांगा था। इसके बाद यह बजट तैयार किया गया। निगम प्रशासन ने विकास कार्यों के लिए 188 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। बजट में प्रॉपर्टी टैक्स से होने वाली आय का लक्ष्य 25 करोड़ रुपये ही रखा गया है। पिछले वर्ष के मुकाबले इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। मौजूदा वित्त वर्ष में भी प्रॉपर्टी टैक्स से आय का लक्ष्य 25 करोड़ रुपये ही है। जनवरी तक 16 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा हो चुका है। इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में प्रॉपर्टी टैक्स का लक्ष्य 22 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 25 करोड़ रुपये किया गया था।