हिसार। नगर निगम आयुक्त नीरज ने मंगलवार को टाउन पार्क में चल रहे सुंदरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य द्वार, ऑडिटोरियम, झील में पत्थर लगाने, रोशनी व्यवस्था और बागवानी से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और इन्हें संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि पार्क के पिछले हिस्से, शौचालय निर्माण और पार्किंग क्षेत्र से जुड़े कार्यों में देरी हो रही है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों, ठेकेदारों और कंसल्टेंसी एजेंसी को तय समय सीमा में सभी कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने पार्क में बन रही सिंथेटिक ट्रैक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक की गुणवत्ता और लेवल की जांच करते हुए इंजीनियरों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार ही हो, किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर चीफ इंजीनियर बिरेन्द्र कुमार कर्दम, एसई सतीश गर्ग, एक्सईएन जयबीर डूडी और एमई अमित बेरवाल मौजूद रहे।