टेकड़ा मोहल्ले में व्यापारी के घर में घुसे लुटेरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मुखबरी की थी। लुटेरों को यह पता था कि पूरा परिवार बुधवार को बच्चे का मुंडन करवाने हरिद्वार जा रहा है।
लुटेरे इसलिए घर में घुसे थे कि बुजुर्ग मिलेगी, उसे बेहोश कर दिया जाएगा, बाकी घर में कोई नहीं रहेगा। बेहोश के बाद औजारों से अलमारियां और लॉक तोड़कर आसानी से हाथ साफ कर लिया जाएगा। लेकिन लुटेरों की कच्ची मुखबरी धरी रह गई। मौके पर अचानक बुजुर्ग महिला संतोष का बेटा सूरज आ गया और लुटेरों को भागना पड़ा।
व्यापारी सूरज का कहना है कि उनके छोटे भतीजे का मुंडन करवाना था, जिसके लिए पूरा परिवार हरिद्वार जाने को तैयार था। उन्होंने एक दिन पहले टोहाना किसी जानकार को गाड़ी लाने के लिए फोन किया था। घर में सभी को पता था कि बुधवार को उन्हें हरिद्वार जाना है। सूरज को भी यह शक है कि उनके घर से बाहर जाने की सूचना लुटेरों को लग गई थी। इसी इरादे से वे लोग पूरी तैयारी में मकान से हाथ साफ करने आए थे।
लुटेरों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस चौकी के बाहर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। कमरे का रिकॉर्डर चौकी के अंदर रखा है। पुलिस घटना वाले दिन और उसके अगले दिन दोपहर तक सीसीटीवी फुटेज नहीं निकलवा पाई।
व्यापारी सूरज ने कहा है कि पुलिस ने खुद कहा था, पहले वे मामले की छानबीन करेंगे। लुटेरों की पहचान की जाएगी, इसके बाद ही मुकदमा दर्ज होगा। व्यापारी का कहना है कि इसी के चलते उन्होंने पहले कच्ची शिकायत दी है। भाई हरिद्वार गया हुआ है, आते ही एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।