नारनौंद के गांव कापड़ो में दिवंगत सैनिक दीपक के पिता बलवान से बातचीत कर ढांढस बंधाते रोहतक के स
नारनौंद। रोहतक लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शुक्रवार शाम गांव कापड़ो पहुंचकर दिवंगत सैनिक दीपक गोयत को श्रद्धांजलि दी। सेना की 21 ग्रेनेडियर बटालियन में तैनात नायक दीपक (31) का बीमारी के कारण 12 जनवरी को निधन हो गया था। सांसद ने कहा कि बलिदानियों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके परिवारों की जिम्मेदारी उठाकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान कठिन परिस्थितियों में सेवा करते हैं और उनके परिवारों को सामाजिक व प्रशासनिक सहयोग मिलना चाहिए।
देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिक कभी भुलाए नहीं जाते और दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
सांसद ने गांव कापड़ो में स्व. रमेश नंबरदार एवं स्व. रामकुमार गोयत के निधन पर उनके आवास पर जाकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान स्थानीय विधायक जस्सी पेटवाड़, बरोदा से विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक सुभाष गंगोली, तेजवीर पूनिया, पूर्व चेयरमैन सुमन शर्मा आदि मौजूद रहे।
विकास तभी सार्थक है जब आम आदमी को सीधा लाभ मिले :
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में दीपेंद्र ने कहा कि शहीदों के नाम पर राजनीति करने की बजाय, उनके आश्रितों के लिए स्थायी और ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है। सरकार को जमीनी मुद्दों पर ध्यान देते हुए समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। विकास तभी सार्थक है जब आम आदमी को उसका सीधा लाभ मिले।