हांसी। हांसी जंक्शन पर लंबे रूट की ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाते हुए लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह को पत्र लिखा है। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से सांसद धर्मबीर सिंह ने लिखा है कि हांसी में गोरखधाम एक्सप्रेस, हरिद्वार-बीकानेर एक्सप्रेस, श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस का ठहराव दिया जाए।
हांसी जंक्शन पर इन ट्रेनों के लिए स्टापेज उपलब्ध कराने से यात्रियों, छात्रों, व्यावसायिक पेशेवरों और तीर्थ यात्रियों को लाभ होगा। उन्होंने लिखा कि वर्तमान में पास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हांसी जंक्शन पर लंबे रूट की ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से मांग है। उन्होंने जल्द से जल्द इस मांग को पूरा करने करने का आग्रह किया है। लोकसभा चुनाव से पहले केसी फार्म पर पहुंचे अभिनंदन समारोह में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और सांसद धर्मबीर सिंह के सामने चेयरमैन कृष्ण अनिपुरा ने इस मांग को प्रमुखता से रखा था। कुछ दिन पहले भी चेयरमैन कृष्ण ने इस मांग के बारे मुलाकात की थी।
गौरतलब है कि हांसी से रोहतक की कनेक्टिविटी होने के बाद हांसी स्टेशन को जंक्शन का दर्जा मिला था। मौजूदा समय में हांसी जंक्शन से हिसार, आदमपुर, सिरसा, बठिंडा, भिवानी, कोसली, रेवाड़ी, रोहतक, दिल्ली, अलवर, जयपुर व अजमेर सहित अनेक रूटों पर एक्सप्रेस के अलावा पैसेंजर ट्रेन भी हैं। हर रोज यहां से करीब 24 ट्रेनों का आवागमन होता है और करीब 2000 यात्री यात्रा करते हैं। जंक्शन का दर्जा मिलने के बाद भी हांसी जंक्शन पर यहां से गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होता है। क्षेत्र के लोग कई बार इस मांग को उठा चुके हैं। परंतु अभी तक उनकी इस मांग को पूरा नहीं किया जा चुका है।