हिसार। बजट सत्र में सीएम नायब सिंह सैनी की कैंसर केयर यूनिट बनाने की घोषणा के 34 दिन बाद नागरिक अस्पताल में इस संबंध में हलचल शुरू हो गई है। प्रथम चरण में इस यूनिट में काम करने के लिए चिकित्सकों की सहमति मांगी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला स्तर पर गूगल शीट जारी की गई है, जिसमें चिकित्सकों को अपनी सहमति देनी है। नागरिक अस्पताल के एमडी मेडिसन डॉ. अजय चुघ ने इस यूनिट में काम करने के लिए सहमति दे दी है। अभी चार से पांच चिकित्सकों की सहमति जरूरी है। इसके बाद चयनित चिकित्सकों की टीम को ट्रेनिंग लेने के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा।
मुख्यालय की विशेष टीम कैंसर केयर यूनिट को लेकर चिकित्सकों को तमाम बारीकियां बताएंगी। इसके साथ ही आलाधिकारी अस्पताल में कैंसर केयर यूनिट बनाने के लिए जगह चयनित करने पर मंथन कर रहे हैं।
कैंसर केयर यूनिट में 50 बैड होंगे आरक्षित
कैंसर केयर यूनिट में 50 बैड आरक्षित किए जाएंगे। यह यूनिट हर नागरिक अस्पताल में बनाई जाएगी। विशेषकर इस यूनिट में केवल कैंसर रोगियों का इलाज किया जाएगा। यूनिट में विशेष चिकित्सकों की टीम व नर्सिंग स्टाफ को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मशीनें भी लगाई जाएंगी।
-
क्या है कैंसर केयर यूनिट
कैंसर केयर यूनिट का मतलब है एक अस्पताल या क्लीनिक का विशेष विभाग या केंद्र, जहां कैंसर रोगियों को इलाज और देखभाल की जाती है। यह विभाग कैंसर के निदान, उपचार और देखभाल के लिए सेवाएं प्रदान करता है। कैंसर केयर यूनिट में कैंसर के प्रकार का पता लगाने के लिए परीक्षण और जांच की जाती है और फिर कैंसर के इलाज के लिए सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, और इम्यूनोथेरेपी करते हैं।
-
कैंसर केयर यूनिट के लिए प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। स्पेशल वार्ड भी अस्पताल में बनाया जाएगा। साथ ही चिकित्सकों की स्पेशल टीम भी यूनिट में कार्यरत रहेगी। इसके लिए चिकित्सकों की सहमति मांगी गई है। - नीरू गुप्ता, योजना प्रभारी, स्वास्थ्य विभाग, हिसार।