हिसार। भाजपा नेता सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा का कहना है कि उनकी मां का सपना था कि मैं आईपीएस बनूं। मेरी मां और मेरे सपने को मैं दिनरात पढ़ाई करके पूरा करूंगी। मेरा सपना भी आईपीएस और एक्टर बनने का है। उसका कहना है कि मां की मौत के मामले में सीबीआई जांच में बहुत देरी हो रही है। पीएम और सीएम को ट्वीट करने वाला अकाउंट पर भी कोई जबाव नहीं आया। उन्होंने समाज से अपील की है कि मेरी मां को न्याय दिलाने में हमारा सहयोग करें।
टेबल टेनिस और फुटबाल खेलने का शौक
सोनाली की बेटी यशोधरा ने बताया कि वह 11वीं कक्षा में पढ़ती है। मुझे टेबल टेनिस और फुटबाल खेलना पसंद है। इसके अलावा एक्टिंग का शौक है। कुछ समय पहले में एक विज्ञापन में काम किया था। उन्होंने बताया कि खेल के अलावा डांस और फाइन आर्ट्स में रुचि है।
21 अगस्त को हुई थी मां से आखिरी बार बात
यशोधरा ने बताया कि मां से आखिरी बार बात 21 अगस्त को हुई थी। मां ने पूछा था कि पढ़ाई ठीक चल रही है क्या, खाना खा लिया क्या, किसी प्रकार की कोई परेशानी तो नहीं है। आरोपी सुधीर सांगवान के बारे में यशोधरा का कहना है कि वह मुझे शुरुआत से ही ठीक नहीं लगता था।
सीएम से दोबारा मिलेंगे
यशोधरा का कहना है कि मामला सीबीआई को देने में देरी की जा रही है। सीबीआई मांग को लेकर सीएम से मिल चुके हैं। अब दोबारा जांच की मांग को लेकर मिलेंगे। दिल्ली और पंजाब के सीएम ने सीबीआई जांच करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि समाज का शुक्रिया अभी तक हमारे साथ खड़ा होने के लिए।
सीबीआई जांच के लिए लिख रहे चिट्ठी : वतन
सोनाली के भाई वतन ढाका का कहना है कि सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और आरएसएस के प्रमुख को चिट्ठी लिख रहे हैं। हमें उम्मीद है कि चिट्ठी मिलने के बाद सीबीआई की जांच करवाई जाएगी। उनका कहना है कि गोवा पुलिस हमें कोई अपडेट नहीं दे रही। अभी तक हमें हत्या करने का कारण तक नहीं बताया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है या नहीं इस बारे में भी हमें कुछ नहीं पता।