बिजली निगम और सहकारी बैंक के डिफॉल्टरों ने एक दिन में 20 लाख से ज्यादा का राजस्व चुकाया है। रविवार के बाद अंतिम दो दिन होने के कारण दोनों ही जगह नो-ड्यूज लेने वालों की भीड़ लगी रही।
सारा दिन कार्यालयों में नो-ड्यूज से संबंधित कार्य ही निपटाए गए। अब मंगलवार को अंतिम दिन भी बैंक और बिजली निगम के काउंटरों पर इसी तरह की भीड़ रहने की संभावना है।
सिटी सब डिविजन और सातरोड़ सब डिविजन कार्यालयों में सुबह से ही उम्मीदवार अपने साथियों के साथ पहुंचने शुरू हो गए। अपने साथ पुराने बिलों की रसीद, राशनकार्ड से लेकर समस्त कागजात लिए हुए उम्मीदवार लाइनों में लगे।
डिविजन नंबर दो में आए 10 लाख
बिजली निगम के डिविजन नंबर दो के तहत आने वाले सब डिविजन कार्यालयों में सोमवार को 150 लोगों को एनओसी जारी की गई, जिनसे करीब 10 लाख रुपये की रिकवरी की गई।
एक्सईएन एसके सिंह ने बताया कि हर रोज इतनी ही तादाद में उम्मीदवार नो-ड्यूज लेकर जा रहे हैं। नो-ड्यूज देते समय उम्मीदवार के राशनकार्ड में शामिल किसी भी सदस्य के नाम से बने अकाउंट का रिकॉर्ड खंगाला जाता है।
बाद में फोरमेन और जेई की तसदीक के बाद एनओसी जारी कर दी जाती है। इसी तरह नारनौंद सब डिविजन में भी कुछ उम्मीदवारों की ओर से नो-ड्यूज लेते समय बकाया बिलों का भुगतान किया गया।
सहकारी बैंक ने दी 403 एनओसी
मटका चौक के पास स्थित सहकारी बैंक में हिसार और अग्रोहा ब्लॉक के उम्मीदवार एनओसी लेने आए। रविवार से तीन गुना अधिक एनओसी सोमवार को बैंक की ओर से दी गई।
बैंक ने 403 एनओसी जारी करते हुए 9 लाख 32 हजार रुपये की रिकवरी की। कृषि विकास बैंक यूनियन के महासचिव बलराज तक्षक ने बताया कि हिसार व अग्रोहा से 9 लाख 32 हजार, हांसी से 1 लाख 20 हजार, आदमपुर से 2 लाख 84 हजार, नारनौंद से 1 लाख 20 हजार, जबकि बरवाला से 1 लाख रुपये की रिकवरी की गई है।