बिसला और गुर्जर गुट की आमने सामने हुई फायरिंग व मर्डर मामले के अभियुक्त मोगली गुर्जर उर्फ मनोज को पुलिस ने कोर्ट परिसर से उठा लिया। डीसी कॉलोनी निवासी मोगली कोर्ट में पेशी पर आया हुआ था। मोगली पर गवाह समुंद्र बिसला को धमकाने व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज है। हालांकि मर्डर मामले में वह जमानत पर बाहर आया हुआ था। सीआईए वन, सीआईए टू व सिविल लाइन थाना पुलिस ने पहले से ही घेरा डाला हुआ था। जैसे ही मोगली कोर्ट परिसर में पहुंचा पुलिस ने उसे घेर लिया। हालांकि देर शाम पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। बिसला गुट ने आरोप लगाया है कि इस मामले में पुलिस मोगली से मिली है। वे इस मामले को लेकर दोबारा एसपी व आईजी से मिलेंगे।
संदीप चैन्नत की हुई थी हत्या
अर्बन इस्टेट में 30 दिसंबर 2012 को बिसला गुट व गुर्जर गुट में आमने सामने ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। दो गुटों की आपस में हुई मुठभेड़ में फिल्मी स्टाइल में सरेआम दिन दिहाड़े छतों पर चढ़कर काफी देर तक फायर किए गए थे। इस मामले में बिसला गुट के संदीप चैन्नत की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में मुख्य अभियुक्त जग्गी उर्फ जगदीश गुर्जर (इंद्र गुर्जर का भाई) की मौत हो चुकी है। मोगली गुर्जर भी इस मामले में मुख्य अभियुक्तों में से एक है। कोर्ट में शनिवार को मर्डर मामले में ट्रायल पर मोगली की पेशी थी।
डीसी कॉलोनी में जाकर धमकाया था गवाह को
मोगली के खिलाफ अर्बन इस्टेट चौकी में दो शिकायतें है। जिनमें एक अगस्त महीने की है। समुंद्र बिसला ने दी शिकायत में कहा था कि वह डीसी कॉलोनी में शॉपिंग कर रहा था। उस वक्त मोगली, बबलू गुर्जर व एक अन्य शिफ्ट कार में आए और गन निकालकर उसे धमकाया कि गवाही दी तो तूझे जान से मार देंगे। दूसरी बार फिर अक्तूबर महीने में मोगली पर बिसला के घर के सामने जाकर धमकी देने का आरोप है। हालांकि उस वक्त बिसला का गनमैन मौजूद था। उसने मोगली का पीछा किया तो वह वहां से भाग निकला।
आईजी व एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
इस मामले को लेकर बिसला गुट एसपी व आईजी से मिले थे। आईजी ने इस मामले में स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए थे कि आखिर स्टाफ कर क्या रहा है गवाह को सरेआम धमकी मिल रही है। उसे हर हाल में गिरफ्तार कर नाजायज असलाह बरामद किया जाए। इसके बाद पुलिस हरकत में आई थी। मगर आईजी व एसपी के निर्देश धरे रह गए जब मोगली को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
पूछताछ के लिए मोगली को चौकी लाया गया था। उसे पूछताछ कर देर शाम छोड़ दिया गया है- पवन कुमार, चौकी इंचार्ज अर्बन इस्टेट।