हिसार। नलवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल से आशीर्वाद लेने पहुंचे। विधायक ने कहा कि नाम दीक्षा लेने जैसी कोई बात नहीं थी मैं आशीर्वाद लेने जाता रहता हूं। करीब दो महीने पहले भी गया था। कुछ लोग ऐसे मामलों को जबरदस्ती में तूल देते हैं। वहीं, रामपाल विधायक से बोले कि नाम दीक्षा लो, हमारे से जुड़ो। भविष्य सुधारने के लिए भक्ति करनी चाहिए। आप नाम सुमिरन किया करो।
विधायक रणधीर पनिहार सोमवार की शाम को रामपाल से मिलने उनके सोनीपत स्थित आश्रम पहुंचे थे। रामपाल के सोशल मीडिया पेज पर 4 मिनट की वीडियो शेयर की है जिसमें सतलोक आश्रम संचालक रामपाल व विधायक रणधीर पनिहार के बीच हुई बातचीत है। रणधीर पनिहार ने कहा कि मैं तो आपका आशीर्वाद लेने हमेशा आता रहता हूं। दो बार शारीरिक रूप से हाजिरी लगा चुका हूं। मानसिक रूप से जब-जब मैंने आपसे प्रार्थना की आपने मेरी प्रार्थना को स्वीकार किया। आपने बाढ़ के समय मेरे हलके में काम करवाए।
वहां लोगों को जब आपके सामने नतमस्तक देखा तो मैं भी नतमस्तक हो गया। विधायक ने कहा कि प्रार्थना आमने-सामने मिलने से ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। जब-जब मैं आपको याद करता हूं तो आप साक्षात मेरे हलके में जाकर मदद करते हैं। हमेशा इसी तरह से आपका आशीर्वाद बना रहे। यही प्रार्थना लेकर मैं आपके बीच आया हूं। जब भी मेरे साथियों के साथ आऊं मुझे आशीर्वाद देना। रामपाल ने कहा कि आपने अपनी बात कह ली तो अब मेरी बात सुन लो।
परमात्मा सभी की पुकार सुनते हैं। भविष्य सुधारने के लिए भक्ति करनी चाहिए। आप नाम सुमिरन किया करो। जिस तरह स्कूल में दाखिला के लिए पहले नाम लिखवाना पड़ता है। उसी तरह से यहां भी सिस्टम है। पहले ज्ञान समझो और हमारे स्कूल की टर्म एंड कंडीशन समझो, फिर आपका यहां एडमिशन होगा।