बरवाला। बरवाला से गुराना मार्ग पर नगर पालिका की जमीन पर जहां ट्रीटमेंट प्लांट बनना है, वहां तक सीवर की पाइप लाइन बिछाई जानी है। इस पाइप लाइन का शिलान्यास करने के लिए सोमवार को विधायक जोगी राम सिहाग को आना था, इसकी भनक जब बाडो पट्टी टोल पर बैठे किसानों को लगी तो दर्जनों की संख्या में किसान सुबह ही ढाणी गारण रोड पर बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में पहुंच गए व सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते विधायक जोगी राम सिहाग पाइप लाइन का शिलान्यास करने नहीं पहुंचे।
उधर, विरोध प्रदर्शन करने वाले किसानों का कहना है कि वे सरकार के किसी भी मंत्री व विधायक का यहां कार्यक्रम नहीं होने देंगे। यदि ऐसा करने का प्रयास करेंगे तो उनका जमकर विरोध किया जाएगा। जनस्वास्थ्य विभाग के जेई सुनील कुमार ने बताया कि विधायक जोगी राम सिहाग ने 3 करोड़ रुपयों की लागत से बिछाई जाने वाली लाइन का शुभारंभ करने के लिए आना था, लेकिन वे नहीं आए। उन्होंने कहा कि पाइप लाइन का शुभारंभ बाद में करवा कर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। बता दें कि बरवाला में 5 करोड़ की लागत से नए सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू होना है।