मंडी आदमपुर। नवनिर्वाचित विधायक भव्य बिश्नोई ने हलके के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री सहित विभिन्न विभागों के मंत्रियों से मिलकर मांग पत्र सौंपा है। सबसे अधिक 30 गांवों के स्कूलों की दशा सुधारने के लिए मांग पत्र सौंपा है।
भव्य बिश्नोई ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को मांग पत्र देकर बताया कि आदमपुर हलके के खेतों में ज्यादातर किसानों के खाल या तो कच्चे हैं या फिर 20 साल पहले बनाए गए थे जिस वजह से सिंचाई में काफी परेशानियां आ रही हैं। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर को हलके के स्कूलों में स्टाफ की कमी को पूरा करने की मांग की है।
खेल मंत्री संदीप सिंह को भी खेल संबंधित सुविधाओं के लिए मांग पत्र सौंपा है। इसमें हलके के 11 गांवों में क्रिकेट व फुटबाल का सामान दिलवाने की मांग रखी। सारंगपुर में खेल मैदान की चहारदीवारी बनवाने, चिकनवास में महिला खेल मैदान की चहारदीवारी बनवाने, बालसमंद में खेल मैदान में ट्रैक बनवाने व स्ट्रीट लाइट लगवाने, सदलपुर में फुटबाल के खेल मैदान में एक हाल निर्माण और क्रिकेट का सामान दिलाने, खेल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने, किशनगढ़ व खारा बरवाला में पंचायती जमीन पर खेल मैदान में ट्रैक बनाने, पंचायत भवन में जिम का सामान दिलवाने, ठसका में ग्राउंड में फुटबाल का खेल सामान दिलवाने, मैदान की चहारदीवारी बनाने, ढंढूर में मैदान की चहारदीवारी व हाल का निर्माण तथा क्रिकेट खेल का सामान दिलवाने की मांगें प्रमुख है।