मिलगेट एरिया में रायपुर रोड स्थित रामनगर में एक नाबालिग के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। आरोपी युवक नाबालिग के पड़ोस में ही रहता है। वह करीब डेढ़ साल से नाबालिग को परेशान कर रहा था। युवक पर नाबालिग ने ब्लैकमेल करने तथा बनाई गई वीडियो क्लीपिंग सार्वजनिक करने का आरोप भी लगा है। मिलगेट चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
नाबालिग ने पुलिस को बयान दिए हैं कि आरोपी कृष्ण कुमार उसके पिछले एक डेढ़ साल से संपर्क में था। वह 11 वीं पास है। जब वह स्कूल जाती तो वह उसका पीछा करता और रास्ते में रोककर उसे जान से मारने की धमकी देता। नाबालिग का आरोप है कि उसने उसके छोटे भाई को मरवाने की धमकी भी दी कि और उसे साथ लेकर जाने की बार-बार जिद करता था।
आरोप है कि 13 सितंबर को करीब 11 बजे वह किसी काम से घर से बाहर निकली तो कृष्ण ब्लैकमेल कर उसे अपने साथ ले गया। उसने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो क्लीपिंग भी बना ली। जब उसे होश आया तो वह उनके चुंगल से छुटकर भाग निकली। मामले के बारे में घर पहुंचकर नाबालिग ने परिजनों को बताई फिर परिजन उसे थाना लेकर गए। पुलिस ने युवक के खिलाफ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने, पोक्सो एक्ट सहित कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी इंचार्ज अमर सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
आरोपी ने कहा, लड़की के परिजनों ने झूठे दस्तावेज किए पेश
उधर, मामले में आरोपी कृष्ण ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लड़की को बालिग बताया है। उसका आरोप है कि युवती उससे शादी करना चाहती है और वे दोनों प्रेमी-प्रेमिका हैं। परिजनों ने दबाव बनाकर उससे झूठे बयान करवाए हैं। साथ ही लड़की को नाबालिग करार देने के लिए झूठे दस्तावेज पेश किए हैं।
कृष्ण कुमार व उसके परिजन इस मामले को लेकर आईजी से भी मिले थे। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। इसके अलावा कृष्ण कुमार ने चीफ जस्टिस हाई कोर्ट, डीसी हिसार, डीजीपी चंडीगढ़, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, भारत सरकार को भी शिकायत भेजकर न्याय की मांग की है।