हिसार। प्रदेश के बिजली मंत्री रणजीत सिंह कनेक्शन जारी करने में देरी करने वाले बरवाला के एसडीओ पर भड़कते हुए कहा कि ठीक से काम कर लो नहीं तो अगली बार सस्पेंड कर दूंगा। विधायक ने भी तेरी शिकायत की है। डिमोशन कर दूंगा, जिंदगी में दोबारा कभी एसडीओ नहीं बन पाओगे।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में वीरवार को बिजली पंचायत के दौरान लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान खरक पूनिया के लोगों ने मंत्री के सामने एक साल बाद भी कनेक्शन न लगने की शिकायत रखी तो मंत्री रणजीत सिंह बरवाला के एसडीओ पर भड़क गए। मंत्री के साथ बैठे विधायक जोगीराम ने भी कहा कि एसडीओ बहुत ढीले हैं। काम नहीं करते। विधायक की ओर से भी शिकायत मिलने पर मंत्री गुस्सा गए। उन्होंने कहा कि आखिरी बार चेतावनी दे रहा हूं, सुधर जाओ। अगली बार कोई शिकायत आई तो सस्पेंड कर दूंगा। ऐसी एसीआर लिख दूंगा कि जिंदगी में दोबारा कभी एसडीओ नहीं बन सकोगे। जब तक मैं मंत्री रहूंगा दोबारा यहां नहीं लगने दूंगा। ये कागज पकड़ो इनका काम करके मुझे बताना।