हिसार। प्रदेश के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने ट्रांसफार्मर ठीक करने के नाम पर तीन हजार रुपये लेने के नारनौंद के आरोपी कर्मी पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। वे वीरवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनता की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। इस दौरान गांव कौथकला की निवासी सुशीला शिकायत लेकर पहुंचीं। सुशीला ने कहा कि उनका ट्रांसफार्मर खराब होने पर राखी शाहपुर निवासी संदीप ने पिताजी से ट्रांसफार्मर का तेल मंगवाया। तीन हजार रुपये भी ले गया था। इस दौरान मंत्री ने करीब 50 शिकायतें सुनीं।
ठेकेदारों का आपसी मामला, कोर्ट जाओ
लाडवा निवासी प्रवीण ने मंत्री को बताया कि उन्होंने रामजी पावर के लिए मेन पावर सप्लाई की थी। हमारे 72 लाख रुपये के बदले केवल 61 लाख रुपये ही दिए। इस बारे में पंचायत भी हुई थी। मंत्री ने कहा आप ठेकेदारों का आपसी मामला है, कोर्ट में जाओ।
बर्फ का टुकड़ा रखो तो सही चलेगा मीटर
गांव डोभी के सरपंच आजाद हिंदुस्तानी ने कहा कि मंत्रीजी हमारे गांव में लगे बिजली मीटर पर कंपनी ने लिखा है कि ये 27 डिग्री तक काम करेंगे। हिसार में 45 से 50 डिग्री तक तापमान जाता है। गर्मी में मीटर अपना नियंत्रण खो देते हैं। लोगों का बिल ज्यादा आता है। अगर मीटर पर बर्फ का टुकड़ा रख दो तो ठीक चलता है। मंत्री बोले यह बात कैसे कह रहे हो। सरपंच ने कहा कि आपके महकमे ने भी बर्फ रखकर ट्रायल किया था। आदमपुर उपचुनाव के समय बिजली के खंभे डाले थे। अब कनेक्शन भी लगवा दो।
बिल भर दो, बिजली आने लगेगी
गांव स्याहड़वा के लोगों ने कहा कि दो घंटे ही बिजली आती है। मंत्री बोले बिजली चोरी बंद कर दो। बिल भरने शुरु कर दो। सोमवार तक कुछ लोग बिल भर दें तो बिजली चालू कर देना। अगर लाइन लोस अधिक हुआ तो फिर बंद कर देंगे। वहीं, हांसी लोगों ने कहा मंत्री जी आपने एक साल पहले ट्रांसफार्मर मंजूर किया था। आज तक नहीं लगा। मंत्री बोले मेरे हाथ में कुछ नहीं है। मैं आगे अधिकारियों को दे देता हूं। ऐसे मेरी बदनामी न किया करो।
मंत्रीजी प्रशासक नहीं लगा सके आप
स्कॉलर कालोनी के निवासी बोले मंत्रीजी आपने हमारी कॉलोनी के लिए प्रशासक लगाने के तीन बार आदेश दिए। आज तक प्रशासक नहीं लगा। आप हर बार 15 दिन में लगाने के आदेश देते थे। बिजली मंत्री बोले अब मैं हिसार की ग्रीवांस कमेटी का चेयरमैन नहीं रहा।
ढिलाई बरतने वाली फर्मों पर पेनल्टी लगाएं
ब्लू बर्ड पर्यटन केंद्र में अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन व निर्माणाधीन 33 केवी सब-स्टेशनों की समीक्षा करते हुए संबंधित फर्मों के प्रतिनिधियों को ट्यूबवेल कनेक्शन शीघ्र जारी करने के साथ-साथ निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ढिलाई बरतने वाली फर्मों पर पेनल्टी लगाने के भी निर्देश दिए।
जेल का निरीक्षण
हरियाणा के ऊर्जा एवं जेल मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने वीरवार को केंद्रीय कारागार-2 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल बंदियों से बातचीत कर व्यवस्था बारे जानकारी ली। कारागार की सभी व्यवस्थाएं देखी। प्रंबन्धों सहित अन्य जेल व्यवस्था पर सन्तुष्टि जाहिर की। इस अवसर पर जेल अधीक्षक दयानंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ये शिकायतें भी आईं
- रायपुर के लोग बीपीएल कार्ड कटने की शिकायत लेकर पहुंचे।
- मिर्जापुर रोड़ निवासी रोड के बीच से खंभा हटवाने की शिकायत लाए।
- सीसवाल वासी ओमप्रकाश ने 8 साल बाद भी बोरवेल कनेक्शन न लगने की शिकायत रखी।
- चौधरीवास से आई महिला ने चार साल बाद भी बोरवेल कनेक्शन न लगने की शिकायत रखी।
- खरकड़ी के लोगों ने पानी निकासी न होने की शिकायत दी
- मजादपुर के लोगों ने कनेक्शन जारी न किए जाने की शिकायत रखी
- ब्लॉक समिति सदस्य इंद्रावती ने बिजली कनेक्शन की शिकायत रखी।