सेक्टर 16-17 में रात साढ़े 9 बजे का नजारा। ठंड बढ़ने के साथ छाई हल्की धुंध।
- फोटो : Hisar
हिसार। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों पर भी पड़ रहा है। प्रदेश में रात्रि तापमान में गिरावट जारी है। प्रदेश में हिसार जिले की रविवार की रात शिमला और मनाली से भी ठंडी रही। हिसार का तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनाली का रात्रि तापमान 6.2 डिग्री और शिमला का 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार में नवंबर का यह पिछले दस साल में सबसे कम तापमान है। वहीं हिसार में नवंबर में सबसे कम तापमान का रिकॉर्ड 1962 में 2.5 डिग्री सेल्सियस है।
प्रदेश में नारनौल में भी रात्रि तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में रात्रि तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो नारनौल का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सबसे कम रोहतक का 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ के अनुसार, 25 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम परिवर्तनशील एवं खुश्क बना रहेगा। बुधवार तक पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव रहेगा, जिससे कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई रहने के साथ ही रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
फतेहाबाद-सिरसा में नहीं रूक रहे पराली जलाने के मामले
प्रदेश में लगातार गिर रहे तापमान के साथ ही पराली जलाने के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को प्रदेश भर में पराली जलाने के 69 मामले सामने आए। फतेहाबाद और सिरसा में लगातार पराली जलाई जा रही है। सोमवार को फतेहाबाद में सबसे अधिक 27 और सिरंसा में 30 स्थानों पर पराली जलाई गई। इसके अलावा कैथल में 3, पानीपत में 2, रोहतक में 3 और सोनीपत में चार स्थानों पर पराली में आग लगाने के मामले सामने आए।
चार जिलों में वायु प्रदूषण 300 के पार
प्रदेश के चार जिलों में सोमवार को वायु प्रदूषण अधिक रहा और वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार दर्ज किया गया। फरीदाबा का वायु गुणवत्ता सूचकांक सबसे अधिक 344 रहा। हिसार 322 के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा फतेहाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 320 और गुरुग्राम का 307 दर्ज किया गया। प्रदेश के छह जिले ऐसे रहे, जहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक 250 से 300 के बीच था। कैथल का वायु गुणवत्ता सूचकांक सबसे कम 168 दर्ज किया गया।
तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
हिसार 24.3 5.9
नारनौल 27.2 6.0
रोहतक 21.3 7.0
अंबाला 22.8 9.6
भिवानी 23.5 8.3
पंचकुला 22.8 9.6
फरीदाबाद 26.0 9.0
गुरुग्राम 24.9 8.0
करनाल 22.6 8.1
कुरुक्षेत्र 22.1 8.5
सिरसा 23.8 9.0
---------------------
संदीप बिश्नोई।