हांसी लघु सचिवालय परिसर, जहां पर अब एलईडी लाइटें लगेंगी।
हांसी। लघु सचिवालय परिसर अब दूधिया रोशनी से जगमग होगा। परिसर में पहले से लगी सोडियम लाइटों हटाकर नई लाइटें लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग 15.76 लाख रुपये खर्च करेगा। इस बजट से परिसर में हाई क्वालिटी की स्ट्रीट लाइट व हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की इलेक्ट्रिक विंग ने टेंडर खोल दिया है।
विभाग का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया व विभाग की गाइडलाइन को पूरा करने वाली फर्म को ही टेंडर अलॉट किया गया है। बता दें कि लघु सचिवालय भवन की दूसरी मंजिल पर चारों ओर हाई मास्ट लाइट लगाई जाएंगी। लाइटों की रोशनी परिसर की तरफ आएगी। इसके साथ ही परिसर की चारदीवारी पार्किंग, मेन गेट, गैलरी सहित अन्य जगहों पर आवश्यकता अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी जो कि सभी एलईडी होंगी।।
बिजली की खपत घटेगी
फिलहाल लघु सचिवालय परिसर में सोडियम क्वालिटी वाली पुरानी स्ट्रीट लाइट व हाई मास्ट लगी हुई है। ये लाइटें बिजली की खपत भी ज्यादा करती है व इनकी रोशनी भी कम होती है। नए प्रस्ताव के अनुसार के लोकनिर्माण विभाग की बीएंडआर की इलेक्ट्रिक विंग ओर से हाई क्वालिटी की एलईडी लाइटें लगाई जांएगी। ये लाइटें लगने से लघु सचिवालय परिसर में बिजली की खपत भी कम होगी व रोशनी भी ज्यादा होंगी। नई लाइटों के लगने के बाद परिसर की सुंदरता भी बढ़ेगी। रात के समय रोशनी भी पूरी होगी। सुरक्षा के मध्य नजर भी एलईडी लाइटें बहुत कारगर साबित होंगी।
लघु सचिवालय परिसर में स्ट्रीट व हाई मास्ट लाइट लगाने का टेंडर दिया है। करीब 16 लाख रुपये खर्च होंगे। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे बिजली की खपत भी कम होगी।
- सुमेर सिंह, एसडीओ इलेक्ट्रिक विंग बीएंडआर