फतेहाबाद। शहर में वीरवार देर रात शरारती तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। लोहे की एंगल लेकर निकले किशोरों ने घरों और दुकानों के बाहर सड़क किनारे खड़ी 20 से 25 गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। जवाहर चौक समेत कई इलाकों में हुई इस वारदात का पता शुक्रवार सुबह लोगों को चला। गाड़ियों की चकनाचूर हालत और सड़क पर बिखरे कांच के टुकड़े देखकर वाहन मालिकों में रोष फैल गया।
सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है।
आरोपियों ने लोहे की एंगल से गाड़ियों के शीशों पर वार किए। कुछ वाहनों के टूटे शीशों पर खून के निशान भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि शीशे तोड़ते समय किसी आरोपी के हाथ में चोट लगी होगी। पुलिस इन निशानों को जांच में अहम सुराग मान रही है। सीसीटीवी फुटेज में एक किशोर के साथ दो अन्य बच्चे भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में सामने आया कि गाड़ियों के शीशे तोड़ने की वारदात एक ही युवक ने अंजाम दी है। मामले की जांच जारी है।
पुराना गुरुद्वारा के पास रहने वाले आदर्श ग्रोवर, बंटी ग्रोवर और सचिन ने बताया कि उनकी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी रहती हैं। रात के समय शरारती तत्वों ने उनके वाहनों को भी निशाना बनाया। वहीं डीएसपी रोड निवासी सन्नी शर्मा ने बताया कि उनका घर मुख्य सड़क से अंदर गली में है। आरोपियों ने गली में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
जवाहर चौक के आसपास सबसे ज्यादा नुकसान
शरारती तत्वों ने जवाहर चौक से बाबा खाटू श्याम मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर कतार में खड़ी करीब 12 गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इसके अलावा हीना ब्यूटी पार्लर वाली गली, जवाहर चौक से डीएसपी रोड की ओर जाने वाले मार्ग और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में भी वाहनों को निशाना बनाया गया। अलग-अलग स्थानों पर 20 से 25 गाड़ियों के शीशे तोड़े जाने की बात सामने आई है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
शहर की नहर कॉलोनी समेत अन्य इलाकों में भी पहले गाड़ियों के शीशे तोड़ने की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से वाहन मालिकों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।