हिसार। रेलयात्रियों के लिए शनिवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। हिसार से पहली बार चंडीगढ़ के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिली। अंब अदोरा-रायपुर ट्रेन अंबाला कैंट से रवाना होकर रात 1:05 पर रायपुर स्टेशन पहुंची और वापसी में 2:25 पर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई। इससे पहले सातरोड से वाया रेवाड़ी दिल्ली ट्रेन को विधायक सावित्री जिंदल और उनके बेटे सांसद नवीन जिंदल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही।
हिसार रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2:15 बजे नवीन जिंदल और सावित्री जिंदल ने रायपुर से चंडीगढ़ होकर अंब अंदौरा और सातरोड से वाया रेवाड़ी-गुरुग्राम-दिल्ली चलने वाली ट्रेन को औपचारिक झंडी दिखाई। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर पहुंचे लोगों ने दोनों ट्रेन चलाने के फैसले को स्वागत योग्य बताया। चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन को रायपुर की जगह हिसार तक क्यों नहीं लाया जा रहा है, इस सवाल पर नवीन जिंदल ने कहा कि अभी शुरुआत हुई है। ट्रेन कामयाब होती है तो हिसार तक भी लाई जाएगी।
बता दें कि ट्रेन संख्या 645 64 अंब अंदौरा-अंबाला कैंट वाया चंडीगढ़-रायपुर मेमू ट्रेन को अब फास्ट मेमू ट्रेन के रूप में हिसार के रायपुर तक चलाया गया है। यह ट्रेन अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र जंक्शन, कैथल, नरवाना, जाखल, उकलाना और बरवाला होते हुए रात 1:05 बजे रायपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 64563 रात 2:25 बजे रायपुर से रवाना होकर सुबह 7.20 बजे अंबाला कैंट और दोपहर 12.40 बजे अंब अंदौरा पहुंचेंगी।
वहीं, दिल्ली से रेवाड़ी वाया गुरुग्राम चलने वाली ट्रेन संख्या 54085 को फास्ट पैसेंजर ट्रेन के रूप में विस्तार देते हुए हिसार के सातरोड तक चलाया गया है। ट्रेन संख्या 54085 दिल्ली से सुबह 7 बजे चलकर 9.40 बजे रेवाड़ी और दोपहर 1.35 बजे सातरोड पहुंची। वापसी में ट्रेन संख्या 54086 सातरोड से दोपहर बाद 2.10 बजे रवाना होकर शाम 5.30 बजे रेवाड़ी और रात 9 बजे दिल्ली पहुंची। यह ट्रेन रेवाड़ी से जाटुसाना, कोसली, झारली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानीखेड़ा और हांसी होते हुए सातरोड पहुंची।
अगला लक्ष्य अग्रोहा को रेल मार्ग से जोड़ना : सावित्री जिंदल
हिसार की विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि यह सिर्फ एक रेल सेवा नहीं, बल्कि तरक्की की दिशा में एक बड़ी छलांग है। ये ट्रेनें हमारे युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक, सुलभ और सस्ती यात्रा का नया विकल्प प्रदान करेंगी। उन्हाेंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य अग्रोहा को रेल मार्ग से जोड़ना है। रायपुर स्टेशन पर सुविधाएं न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ट्रेन चलेगी तो स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ेंगी। यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी।
आने वाले समय में कनेक्टिविटी पर तेजी से काम होगा: नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि आने वाले समय में कनेक्टिविटी पर तेजी से काम किया जाएगा, ताकि हिसार को रेलमार्ग द्वारा हर कोने से जोड़ा जा सके। हिसार से चंडीगढ़ और गुरुग्राम-दिल्ली के लिए शुरू की गई ये नई रेल सेवाएं न सिर्फ भौगोलिक दूरी को पाटेंगी, बल्कि विकास और संभावनाओं की नई राह भी खोलेंगी। यह पहल आने वाले समय में हिसार और पूरे हरियाणा को तेज रफ्तार से विकास की दिशा में अग्रसर करने में मजबूत कड़ी साबित होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा गठन के 59 वर्ष बाद हिसार से चंडीगढ़ पहली बार सीधी रेल सेवा से जुड़ा है।
सांसद बेटे ने आते ही मां के पैर छू लिया आशीर्वाद
रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2 बजे हिसार विधायक सावित्री जिंदल पहुंच गई थी। उनके पहुंचने के 15 मिनट बाद सांसद नवीन जिंदल भी पहुंच गए। उन्होंने मंच पर चढ़ते ही मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और लोगों को ट्रेन चलने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि रेलवे का सबसे सस्ता और सुगम सफर होता है। एयरपोर्ट बन गया तो अयोध्या की फ्लाइट भी शुरू हो गई। ट्रेन चलने पर व्यापारियों, किसानों और विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा।
रायपुर-अंब अदौरा ट्रेन का किराया
रायपुर से उकलाना 10 रुपये
रायपुर से बरवाला 10 रुपये
रायपुर से जाखल 20 रुपये
रायपुर से नरवाना 30 रुपये
रायपुर से कैथल 35 रुपये
रायपुर से कुरुक्षेत्र 45 रुपये
रायपुर से अंबाला 50 रुपये
रायपुर से चंडीगढ़ 60 रुपये