हिसार। विभिन्न मांगों के लिए हड़ताल पर बैठे दमकल कर्मचारी 23 अप्रैल को आदमपुर, नलवा, हिसार व बरवाला हलका के विधायकों को ज्ञापन सौपेंगे। 24-25 अप्रैल को उकलाना, हांसी व नारनौंद के विधायकों को मांगपत्र सौंपे जाएंगे। कर्मचारियों ने चेताया कि मांगें नहीं मानी गईं तो 1-2 मई को प्रदेश भर के नगर पालिका कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
कर्मियों की हड़ताल बुधवार को 15वें दिन भी जारी रही। उन्हें समर्थन देने नगर पालिका व जनस्वास्थ्य विभाग के सीवरमैन का जत्था पहुंचा। अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य उप प्रधान जसबीर श्योकंद ने बताया कि 16 फरवरी को फरीदाबाद स्थित एक फैक्टरी में लगी भीषण आग को बुझाते हुए दमकल कर्मचारी भवीचंद शर्मा व रणवीर सिंह की मौत हो गई थी। इन कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा दिलाने तथा विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 8 अप्रैल से दमकल कर्मचारियों की प्रदेशभर में हड़ताल जारी है।
3 और 6 अप्रैल को पंचकूला मुख्यालय में फायर महानिदेशक, 9 अप्रैल को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के साथ तीनों बैठकों में कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान अशोक सैनी ने बताया कि सरकार कर्मचारियों में फूट डालने का काम रही है। दूसरे विभागों के चालकों से फायर की गाड़ियां चलवा रही है।
इस दौरान पूर्व जिला फायर अधिकारी दलबीर नैन, राजेश बागड़ी, रामफल शिकारपुर, सन्नी, सुरेन्द्र गोलू, प्रवीन कुमार, दीपक लोट आदि मौजूद रहे।