हिसार। संयुक्त किसान मोर्चा की जिला कमेटी की बैठक किसान रेस्ट हाउस में एडवोकेट हर्षदीप गिल और रीमन नैन की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। संचालन सरदानंद राजली ने किया। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य शनिवार को खेड़ी चौपटा में धरना स्थल पहुंचकर किसानों को समर्थन देंगे। किसानों ने कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को भी समर्थन देने का एलान किया है।
किसान नेताओं ने कहा कि खेड़ी चौपटा, आदमपुर, बालसमंद तहसील में फसलों का खराबा जीरो प्रतिशत दिखाया गया है। अधिकारियों ने घर बैठकर ही कागजी कार्रवाई करते हुए यह रिपोर्ट तैयार की है। मौके पर जाकर गिरदावरी रिपोर्ट नहीं बनाई गई। तीनों तहसीलों के किसानों ने अपनी तहसील में मुआवजे की मांग को लेकर धरने लगाए। आदमपुर और बालसमंद तहसील के किसानों ने प्रशासन के आश्वासन पर धरनों को स्थगित किया है। खेड़ी चौपटा तहसील में धरना जारी है। सरकार जल्द से जल्द फसल मुआवजे का तुरंत प्रभाव से समाधान करें। मोर्चा के नेताओं ने 26 तारीख को आंगनबाड़ी की कलायत रैली, 27 को भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ गोहाना में रोष प्रदर्शन का समर्थन किया। 28-29 मार्च की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का भी संयुक्त किसान मोर्चा ने समर्थन किया है। बैठक में शमशेर नंबरदार, दिलबाग सिंह हुड्डा, रणबीर मलिक, राजू भगत सरसौद, संदीप सिवाच, विजय भांभू, प्रदीप मलिक, अजय नंबदार, दशरथ मलिक, संदीप धीरणवास, सतबीर धायल, सुनिल सिवाच, डॉ. करतार सिंह, बलराज मलिक, कुलदीप बुड़ाक, राजीव मलिक, रामबीर, हवा सिंह, कृष्ण पाली, जयपाल सिंधु, बलराज लाडवा, पवन लौरा, सतबीर लौरा, प्रह्लाद सिंह, सतपाल मोर, जगदीश राय मौजूद रहे।