हिसार। जिले के सरकारी स्कूलों में सोमवार से दो दिवसीय मेगा पीटीएम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें अभिभावकों को शीतकालीन छुट्टी एक से 15 जनवरी 2025 के दौरान गृहकार्य का शेड्यूल बताया जाएगा। इस शेड्यूल में नाना-नानी, दादा-दादी व माता-पिता से संबंधित हर श्रेणी के सदस्यों को कार्य भी सौंपे गए हैं।
इसका उद्देश्य है कि विद्यार्थी सोशल मीडिया से दूरी बनाकर परिवार के साथ समय बिताए। साथ ही संस्कारों को भी ग्रहण करें। कक्षा अनुसार के साथ विषयानुसार शिक्षक रोजाना व्हाट्सएप ग्रुप पर गृहकार्य देंगे, जिसे रोजाना शिक्षकों को चेक करना होगा।
विशेष बात है कि इस बार समग्र शिक्षा के अधिकारी भी शीतकालीन छुट्टियों में विद्यार्थियों के साथ समय बिताएंगे। इसमें वे विद्यार्थियों से संवाद कर आसपास घट रही घटनाओं के बारे में विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे, जिसे पता रहे कि विद्यार्थी अपने आस-पड़ोस के माहौल से कितना अपडेट हैं।
खेल गतिविधियाें का मजा ले सकेंगे अभिभावक
मेगा पीटीएम के बाद अभिभावक खेल गतिविधियां का मजा ले सकेंगे। इसके लिए रस्साकशी, मटका दौड़, नींबू दौड़, भजन, कविता सहित अन्य रोचक गतिविधियां में भाग लेंगे। ताकि अभिभावक को रूचिकर तरीके से गृहकार्य को समझा सकें।
रविवार को स्वादिष्ट व्यंजन का स्वाद चखेंगे बच्चे
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट है कि रविवार के दिन बच्चे अधिकतर समय रसोईघर में बिताएंगे, जिसके अंतराल वे स्वादिष्ट व्यंजन का मजा ले सकेंगे। इसके अलावा घर की साफ-सफाई से लेकर अन्य घरेलू कामकाज में भी विद्यार्थियों को परिजनों का हाथ बंटाना होगा।
टीवी देखने पर अंकुश लगाने की अनूठी पहल
इस बार शीतकालीन अवकाश में टीवी देखने पर विद्यार्थियों के ऊपर हिदायतें जारी की है। इसमें उन्हें शाम 8 बजे के बाद टीवी देखने पर प्रतिबंध लगाया गया है। परिजनों को इसकी निगरानी रखनी होगी। इस समय अंतराल में बच्चों को अपने दादा-दादी के साथ समय व्यतीत करना होगा। इसमें वे कहानी सुनाने से लेकर ज्ञानवर्धन बातें अपने बच्चों से साझा करेंगे।
-
बीईओ को स्पष्ट कर दिया गया है कि वे सभी स्कूल मुखिया को आदेश दे कि गृहकार्य के लिए गंभीर रहे। शिक्षकों व परिजनों को जो जिम्मेदारियां दी गई हैं वे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएं, जिससे बच्चे का चहुंमुखी विकास हो सके।
- निर्मल दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, हिसार।