कोरोना वैक्सीन टीकाकरण अभियान को लेकर बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देतीं उपायुक्त डॉ. प्?
- फोटो : Hisar
हिसार। कोरोना वैक्सीन टीकाकरण अभियान को लेकर मंगलवार को उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में 16 जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायती राज, खेल एवं युवा मामले विभाग, शिक्षा विभाग, शहरी विकास विभाग, राजस्व, पुलिस, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा एनआईसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
16 जनवरी को शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान के प्रथम चरण में 16 हजार 300 हेल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। द्वितीय चरण में 36 हजार 675 फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगेगी। इसके बाद के चरणों में 50 वर्ष से अधिक आयु के 4 लाख 72 हजार लोंगों तथा 50 वर्ष से नीचे के 18 हजार 256 ऐसे लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी, जिन्हें कोविड संक्रमण की संभावनाएं अधिक हैं। हिसार में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशिल्ड और को-वैक्सीन में से एक वैक्सीन लगाई जानी है। प्रथम चरण में अर्बन हेल्थ सेंटर सेक्टर 1-4, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, जिंदल अस्पताल, सीएचसी बरवाला और आदमपुर तथा पीएचसी चौधरीवास में हेल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। बैठक के दौरान अवगत करवाया गया कि हिसार में प्रयोग की जाने वाली कोविड वैक्सीन काफी प्रभावी है। इसके दुष्प्रभाव न के बराबर हैं, फिर भी टीकाकरण के बाद निगरानी के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। बैठक के दौरान पल्स पोलियो अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि यह अभियान 17 जनवरी से शुरू किया जाना था, जिसे फिलहाल स्थगित किया गया है। पोलियो को लेकर भारत में स्थिति एकदम सही है, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर यह अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। इसका सबसे बड़ा कारण पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो के मामलों का सामने आना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा, अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव, एसीयूटी अंकिता चौधरी, बरवाला एसडीएम राजेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. रत्ना भारती, डॉ. तरुण, डीआईओ एमपी कुलश्रेष्ठ, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।