हिसार। नवनिर्वाचित मेयर प्रवीण पोपली व 20 पार्षद मंगलवार को शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला के सेक्टर-5 में इंद्रधनुष सभागार में होगा। मेयर व सभी पार्षद सुबह नगर निगम से बस में बैठकर पंचकूला के लिए रवाना होंगे। बुधवार से मेयर नगर निगम कार्यालय में बैठना शुरू कर देंगे।
शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे शुरू होगा। इस देखते हुए मेयर व पार्षद सुबह साढ़े 4 बजे पंचकूला के लिए रवाना हो जाएंगे। रास्ते में मेयर व पार्षदों को नाश्ता करवाया जाएगा, जबकि समारोह में लंच की व्यवस्था की गई है। शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होने के बाद मेयर व पार्षद बस में ही बैठक कर वापस हिसार आएंगे। निगमायुक्त नीरज सहित अन्य अधिकारी भी इस समारोह में शामिल होंगे।
मेयर ऑफिस तैयार, दिया जा रहा आखिरी लुक
उधर, नगर निगम कार्यालय में मेयर का ऑफिस लगभग तैयार हो गया है। सोमवार को ऑफिस को आखिरी लुक दिया जा रहा था। बता दें कि पुराने हाउस का कार्यकाल खत्म होने के बाद करीब एक साल तक मेयर ऑफिस बंद रहा। इस कारण से ऑफिस में लगे फर्नीचर को दीमक चट कर गई। ऐसे में अब ऑफिस का फिर से नवीनीकरण करना पड़ा। वहीं मेयर के स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। सूत्रों की मानें तो पुराने मेयर के स्टाफ को ही फिर से मेयर ऑफिस में नियुक्त किया जाएगा।
हाउस में सत्ता पक्ष रहेगा हावी
इस बार हाउस में सत्ता पक्ष हावी रहेगा, क्योंकि इस बार 20 में से 17 पार्षद भाजपा के चुनकर आए हैं, जबकि दो निर्दलीय व एक कांग्रेस का पार्षद है। इसके अलावा अभी तीन पार्षद मनोनीत भी किए जाएंगे और वो भी सत्ता पक्ष के ही होंगे।