हिसार। दिनभर कड़ी धूप व उमस के बाद देर शाम को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला और दक्षिणी जिलों में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि दोपहर बाद भी कई बार आसमान में रुक-रुक कर आंशिक बादल छाते रहे। देर शाम को मौसम बदलने और हवाएं चलने के बाद मौसम सुहावना हो गया तथा तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेशभर में अच्छी बारिश की संभावना बनती दिख रही है। एचएयू के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि मानसूनी हवाएं उत्तर प्रदेश की तरफ से हरियाणा एनसीआर के जिलों और दक्षिणी हरियाणा में तेज हवाओं साथ प्रवेश कर रहा है। वहीं रात 9 बजे से शहर में हल्की बूंदा बांदी शुरू हो गई।
एचएयू के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है। इससे अगले तीन-चार दिनों में राज्य मेें अच्छी बारिश के आसार हैं। 12 जुलाई से मानसून की सक्रियता और अधिक बढ़ने से प्रदेश के सभी जिलों में 15 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना है।
परिवर्तनशील रहा मौसम -
रविवार को सुबह से मौसम परिवर्तनशील रहा। कभी कड़ी धूप तो कभी रुक-रुक का आंशिक बादल छाए और लोग उमस के कारण परेशान रहे। हिसार का तापमान रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सिरसा का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा। रात्रि तापमान भिवानी का सबसे अधिक 31 डिग्री और सिरसा का सबसे कम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के विभिन्न स्थानों का तापमान -
स्थान - अधिकतम - न्यूनतम
अंबाला - 37.6 28.3
भिवानी - 40.7 31.0
हिसार - 40.8 30.0
करनाल - 37.6 28.2
नारनौल - 39.8 30.6
रोहतक - 38.8 30.0
गुरुग्राम - 39.7 29.4
सिरसा - 37.0 25.7