खरक पूनिया और ज्ञानपुरा के बीच पेट्रोल पंप के पास टिब्बों पर रविवार रात खरक पूनिया के 22 वर्षीय अमरजीत उर्फ लाडू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमरजीत को गत दिन गोत्र विवाद के चलते पुलिस ने पाबंद किया था। हत्या के मामले में बरवाला थाना पुलिस ने अनजान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खरक पूनिया का अमरजीत रविवार रात 10 बजे घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। उसके पिता कृष्ण कुुमार हुक्का पी रहे थे। तभी अमरजीत के फोन पर दो-तीन बार किसी ने फोन किया और फिर वह बाइक लेकर कुछ देर बाद आने की बात कहकर निकल गया। मगर वह लौटा नहीं। परिजन किसी के बताने पर सोमवार सुबह खरक पूनिया व ज्ञानपुरा के बीच पेट्रोल पंप के पास टिब्बों पर पहुंचे। वहां अमरजीत का लहूलुहान शव पड़ा था। उसे तीन गोलियां लगी थीं। एक गोली माथे पर, दूसरी सीने पर और तीसरी पेट में लगी थी। वह शादीशुदा था और उसकी एक बेटी है। अमरजीत का एक भाई व बहन हैं। घटनास्थल पर काफी ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर डीएसपी जयपाल सिंह और बरवाला थाना प्रभारी गौरव शर्मा टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। बरवाला थाना पुुलिस ने अनजान के खिलाफ हत्या, आपराधिक षडयंत्र रचने और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
परिजनों ने किसी को नहीं किया नामजद
मृतक के चचेरे भाई अनिल पूनिया ने बताया कि रात को 10 बजे किसी ने फोन कर अमरजीत को बुलाया था। उन्होंने कहा कि पुलिस को कॉल डिटेल निकलवाकर हत्या का खुलासा करना चाहिए। पुलिस दोषियों की पहचान कर उनको गिरफ्तार करे।
पुलिस निकलवा रही है कॉल डिटेल
बरवाला थाना पुलिस ने मोबाइल कंपनी से अमरजीत के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल मांगी है। इतना ही नहीं रात को अमरजीत के मोबाइल फोन पर आई काल के आधार पर उन नंबरों पर संपर्क कर कुछ युवकों से पूछताछ की है। पुलिस का मानना है कि इस केस को जल्द सुलझा लिया जाएगा।
गांव में पहले से बना है तनावपूर्ण माहौल
खरक पूनिया गांव में एक युगल के घर से चले जाने की वजह से पहले से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। इस मसले पर पहले गांव में पंचायतें हो चुकी हैं। अब माहौल ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है। बरवाला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूनिया व सांगवान गोत्र के 11-11 आदमियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की थी।
गोत्र विवाद में हुआ था पाबंद
पुलिस के अनुसार खरक पूनिया गांव में पूनिया व सांगवान गोत्र में एक युगल के घर से चले जाने के कारण तनाव का माहौल बना है। पुलिस के अनुसार अमरजीत व कृष्ण ने शनिवार को गोत्र मसले पर मुनादी कराकर रविवार को पंचायत करने की बात कही था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरजीत व कृष्ण समेत 16 लोगों को पुलिस एक्ट की धारा 69 के तहत नोटिस जारी कर बरवाला थाना में तलब किया था। पुलिस ने बयान दर्ज किये थे। पुलिस ने माहौल बिगड़ने की आशंका के चलते अमरजीत व कृष्ण के खिलाफ निवारक कार्रवाई की थी और उनकी जमानत देर शाम मंजूर हुई थी। इससे पहले पुलिस विभाग ने शनिवार रात ही पंचायत पर रोक लगाने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। वहां पंचायत नहीं हुई थी।