हिसार। आजाद नगर थाना पुलिस ने रामनगर क्षेत्र में अपने ही भाइयों पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पदम उर्फ विक्रांता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी और जांच अधिकारी दलबीर सिंह के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र ने बताया कि 7 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह अपने भाई सुखदेव के साथ घर पर खाना खा रहा था। इसी बीच उनका छोटा भाई पदम नशे की हालत में वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पास रखी छुरी से सुखदेव के सिर पर हमला कर दिया। जब सुरेंद्र ने बीच-बचाव किया तो पदम ने उसे डंडे से वार किया जिससे उसकी बायीं बाजू पर चोट आई।
शोर सुनकर उनकी मां राजो मौके पर पहुंचीं और दोनों भाइयों को पदम से छुड़वाया। जाते समय आरोपी ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी पदम नशे का आदी है और इस तरह की वारदातों को अंजाम देता रहता है।