हांसी डॉ़ अर्चना गुप्ता को सम्मानित करते हुए कमलेश गर्ग, प्रवीन बंसल व अन्य। संस्था
हांसी। समाज को अपनी बेटियों को केवल संपन्न ही नहीं बल्कि सक्षम बनाना होगा। बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति बनती हैं। यह भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने अग्रबंधु परिषद के तत्वावधान में अग्रवाल समाज की ओर से जींद चौक स्थित सुभाष ड्रामेटिक क्लब में आयोजित अभिनंदन समारोह में कही।
गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, सहयोग और परस्पर भाईचारे की भावना का संदेश दिया था। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करें।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। स्वागत की प्रक्रिया में वीना गर्ग, अलका गर्ग, सीमा जैन, स्नेहलता गर्ग, अर्चना सिंगला व बबली तायल ने पगड़ी पहनाई। कार्यक्रम के संयोजक कमलेश गर्ग, धर्मवीर रतेरिया, प्रवीण बंसल, रामवतार तायल व संजय सिंगला ने डॉक्टर अर्चना गुप्ता का स्वागत किया।