अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने मॉडल टाउन स्थित शीशमहल वाली गली में होटल राज एवं होटल 999 पर रेड की। सोमवार रात को हुई रेड के दौरान होटल राज में 9 लड़कियां व 8 लड़के तथा होटल 999 में 13 लड़कियां व 11 लड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस टीम द्वारा सभी को पूछताछ एवं नियमानुसार कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया।
डीएसपी महिला सुरक्षा प्रिया शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम द्वारा होटल की आड़ में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाने के मामले में होटल 999 के मैनेजर हांसी जिले के गांव कोथ कलां निवासी कुलदीप तथा होटल राज के मैनेजर कैथल निवासी अंकुश को गिरफ्तार किया गया है।
बोगस ग्राहक बनाकर भेजा
डीएसपी प्रिया शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई से पहले बोगस ग्राहक बनाकर होटल में भेजा। इशारा मिलने पर पुलिस टीम ने होटल 999 में दबिश दी। मौके पर होटल मैनेजर कुलदीप को काबू किया गया। होटल के कमरा नंबर 205 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। महिला के पास मौजूद मेकअप किट की तलाशी लेने पर आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, जिसे पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया।
दूसरे होटल राज में भी कमरे में मिली महिला
इसके बाद बोगस ग्राहक द्वारा इशारा मिलने पर पुलिस टीम ने होटल राज में दबिश दी। मौके पर होटल मैनेजर अंकुश को काबू किया गया। होटल के कमरा नंबर 112 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। पुलिस ने दोनों होटलों से बरामद कुल 1,000 रुपये तथा आपत्तिजनक सामान को सील कर बतौर साक्ष्य कब्जे में लिया है।
डीएसपी प्रिया शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों होटल मैनेजरों द्वारा पैसा कमाने के उद्देश्य से होटलों में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाया जा रहा था। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।