हिसार। चिड़ौद गांव के वेदपाल की नहरी पानी के नाले को खोलते समय चचेेरे भाई ने हत्या कर दी थी, आजाद नगर पुलिस ने मुख्य आरोपी जयपाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को वीरवार अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि जमीन के विवाद में उसने वारदात को अंजाम दिया, हालांकि जमीन का मामला अदालत में विचाराधीन है।
पुलिस को दी गई शिकायत में चिड़ौद गांव के रहने वाले अजमेर ने बताया था कि छोटा भाई वेदपाल खेतीबाड़ी करता था। कुछ समय से कुनबे के रतन और जयपाल के साथ खेत में बने नहरी पानी के नाले को लेकर विवाद चल रहा है। चाचा रतन जयपाल को हमारे खिलाफ भड़काता था। करीब 6 महीने पहले नहरी विभाग में बंद नाले को खोलने के लिए शिकायत दी थी। दो दिन पहले नहरी विभाग के अधिकारियों ने नाला खोलने की अनुमति दी। शनिवार को नहरी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी खेत में नाला खुलवाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पत्नी तारावती, वेदपाल और उसकी पत्नी शारदा मौके पर मौजूद थे। तारावती और शारदा नाले को खोल रही थी। वेदपाल पास में खड़ा था। इसी दौरान जयपाल आया और वेदपाल के सिर पर मोगरे से वार कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान वेदपाल ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।