हांसी (हिसार)। समाधा मंदिर के महंत पंचमपुरी शुक्रवार को एसपी नितिका गहलोत से सुरक्षा की मांग को लेकर मुलाकात करने पहुंचे। मुलाकात के दो घंटे के बाद पंचमपुरी को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। शाम करीब 8 बजे पुलिस पूूजा पाठ के लिए महंत पंचमपुरी को मंदिर लेकर आई और बाद में पुलिस महंत को वापस अपने साथ लेकर चली गई।
महंत स्वयं अपनी गाड़ी चलाकर मंदिर में पहुंचे और उनके साथ सादी वर्दी मे पुलिस का एक जवान भी था और एक जवान वर्दी में गाड़ी के पीछे बाइक पर सवार था। सूत्रों द्वारा पता चला है कि पुलिस आज चंदनपुरी पर गोली चलाने को लेकर कुछ बड़ा खुलासा कर सकती है।
इससे पहले दोपहर में महंत चंदनपुरी पर फायरिंग करवाने के आरोपी समाधा मंदिर के महंत पंचमपुरी शुक्रवार को समर्थकों के साथ एसपी से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। उन्होंने महंत पंचमपुरी को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, महंत चंदनपुरी के समर्थकों ने भी एसपी से मिलकर सुरक्षा की मांग की है। एसपी ने शाम को दोनों महंत चंदनपुरी और पंचमपुरी को सुरक्षा मुहैया करा दी थी।
महंत पंचमपुरी के समर्थन में आए लोगों ने फायरिंग में घायल महंत चंदपुरी के आरोपों को निराधार बताया। उधर पुलिस की जांच जारी है और मंदिर से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। इसके अलावा मंदिर से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि बीते मंगलवार को जगन्नाथ पुरी मठ के पूर्व महंत व समाधा मंदिर में मैनेजर रह चुके चंदनपुरी पर बरवाला रोड पर फायरिंग हुई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जानलेवा हमले में एक गोली महंत के पेट में लगी थी व शरीर पर काफी जगह छर्रे लगे थे। महंत चंदनपुरी ने हमला करवाने का आरोप समाधा मंदिर के गद्दीनशीन महंत पंचमपुरी व दो अन्य व्यक्तियों पर लगाया था। इसके बाद पुलिस ने बयानों के आधार पर महंत पंचमपुरी व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।
मंदिर में श्रद्धा रखने वाले लोग शुक्रवार को एसपी नितिका गहलोत से मिलने पहुंचे। श्रद्धालुओं की तरफ से कहा गया कि महंत चंदनपुरी काफी समय से महंत पंचमपुरी को परेशान कर रहे हैं। समाधा मंदिर की गद्दी पर महंत चंदनपुरी दावा करते हैं और कोर्ट में भी केस दायर कर रखा है। उन्होंने कहा कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस खंगाल चुकी है, जिसमें स्पष्ट है कि वह वारदात के समय मंदिर में ही मौजूद थे। एसपी नितिका गहलोत ने महंत पंचमपुरी व उनके साथ आए श्रद्धालुओं को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया और महंत पंचमपुरी को सुरक्षा मुहैया करवाने का भी आश्वासन दिया।
पुलिस कर रही पूछताछ
महंत चंदनपुरी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। इस मामले में पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। माना जा रहा है कि पुलिस को अहम जानकारी हासिल हुई है और जल्द मामले में खुलासा कर सकती है। शहर के कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।
चंदनपुरी के समर्थन में आए महंत
अनेक महंतों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपकर घायल चंदनपुरी महाराज को सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। इस मौके पर महंत नागा बाबा चरण पुरी कुलतारण, महंत अवधुत सुभाष पुरी, नागा बाबा कर्मपुरी, नागा बाबा नारायण पुरी रामामंडी, नागा बाबा प्रेमपुरी, कृष्ण गुर्जर, भूपेंद्र राठौर, अनिल आर्य, दीपक व सतपाल आदि मौजूद रहे।
दोनों महंतों को सुरक्षा दे दी है
दोनों महंतों के बीच विवाद के चलते महंत चंदनपुरी व समाधा मंदिर के महंत पंचमपुरी को देर शाम सुरक्षा प्रदान कि गई, ताकि दोनों के बीच किसी भी प्रकार से कोई भी वाद विवाद न हो सके। इससे पहले दोनों महंतों के समर्थकों ने मुझसे सुरक्षा की मांग की थी।
-नितिका गहलोत, पुलिस अधीक्षक, हांसी।