महाग्राम योजना के शुभारम्भ अवसर पर उपस्थित डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा।
हिसार। गांव गंगवा में रविवार को डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने महाग्राम योजना का शुभारंभ किया। योजना के प्रथम चरण में 72 करोड़ रुपये से विकास कार्य करवाए जाएंगे। योजना के शुभारंभ अवसर पर हवन किया गया, जिसमें गणमान्य लोगों ने आहुति डाली।
इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा है कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्र में भी शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर सभी सुविधाएं दे रही है। उन्होंने कहा कि महाग्राम योजना के तहत स्वच्छ पानी की आपूर्ति बढ़ाने, सीवर प्रणाली और सीवर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने जैसी सुविधाओं के अलावा अन्य विकास कार्यों में तेजी आएगी। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर ने गांव के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चहारदीवारी की नींव रखी। इसके निर्माण कार्य पर लगभग 30 लाख की राशि खर्च की जाएगी।
इस मौके पर डिप्टी स्पीकर ने अधिकारियों को नलवा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के कार्यों को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, पुस्तकालय, जिम, फिरनियों के कार्य, सीसीटीवी, चौपालों के कार्यों की भी समीक्षा की। कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर मालवाल, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, ब्लॉक समिति हिसार द्वितीय के चेयरमैन अजय गावड़, एसई पब्लिक हेल्थ शिवराज चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप नरवाल आदि मौजूद रहे।