हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में फीस वृद्धि के विरोध में छात्रों का चल रहा धरना शुक्रवार की रात में समाप्त हो गया। आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल व विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच हुई बैठक में शुल्क वृद्धि को कम करने व पीजी की पढ़ाई करने वालों का स्टाइपेंड बढ़ाने पर सहमति बन गई।
धरना-प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना था कि विभिन्न कोर्सेज के वार्षिक शुल्क में पिछले वर्ष 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई थी। तब यह कहा गया कि कोरोना काल के बाद पहली बार फीस बढ़ाई जा रही है। इस साल फिर 40 प्रतिशत बढ़ा दी गई। मनमाने तरीके से फीस बढ़ाने का असर छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। तमाम छात्र ऐसे हैं, जिन्हें शुल्क जमा करने में दिक्कत आ रही है। वहीं पीजी कोर्सेज में दाखिला लेने वालों को मिलने वाला स्टाइपेंड नहीं बढ़ा रहे हैं। अगर महंगाई में वृद्धि हुई है तो इसका असर सब पर है और फीस के अनुपात में सुविधाएं भी बढ़ाई जानी चाहिए। वीरवार की पूरी रात और शुक्रवार को पूरे दिन छात्र-छात्राओं ने वीसी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। शुक्रवार की देर शाम वीसी ऑफिस के आगे धरना दे रहे छात्र-छात्राओं की बात सुनने के लिए वीसी समेत अन्य वरिष्ठ अफसर पहुंचे। छात्रों के प्रतिनिधि मंडल से वार्ता के बाद फीस में 40 प्रतिशत के बजाय 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने और पीजी की पढ़ाई करने वालों के स्टाइपेंड में वृद्धि पर सहमति बन गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं का आंदोलन खत्म हो गया।