बारहवीं कक्षा का पेपर देकर अपने पति के साथ घर लौट रही प्रेम विवाह करने वाली युवती मीनू का मारुति सवार अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया।
पति की सूचना पाकर उकलाना पुलिस ने अपहृत विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है। जांच अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने लड़की के पिता जयभगवान और भाई रिंकू सहित पांच लोगों पर अपहरण का मामला दर्ज किया है।
गांव फरीदपुर निवासी संदीप ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसने उकलाना के गांव मुगलपुरा निवासी युवती मीनू से 15 जनवरी 2014 को अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था।
तभी से युवती के परिजनों से उन्हें जान का खतरा बना हुआ था। शुक्रवार दोपहर वह अपनी पत्नी मीनू का पेपर दिलवाकर अपने गांव की ओर बाइक से जा रहा था कि गोशाला चौक पर एक मारुति उनकी बाइक के आगे खड़ी हो गई। कुछ लोग मारुति से उतरे और उसकी पत्नी को जबरदस्ती कार में डालकर ले गए।